
महिला और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की शिकायत के लिए सीधे मिलेंगे आधिकारिक लिंक
देहरादून।साइबर अपराधों में लगातार हो रही वृद्धि और सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान के बढ़ते दुरुपयोग के बीच उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नागरिकों को त्वरित साइबर सहायता उपलब्ध कराने की अभिनव पहल की है। एसटीएफ की साइबर टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की पहल पर ‘साइबर पोर्टल हब’ विकसित किया है। नागरिक पोर्टल का उपयोग cyberportalhub.org पर कर सकते हैं।
इस पोर्टल का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराध की शिकायत, डिजिटल सुरक्षा और विभिन्न आधिकारिक सहायता सेवाओं तक एक ही स्थान से पहुंच उपलब्ध कराना है। पोर्टल पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) सहित महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, बैंकिंग और डिजिटल भुगतान, दूरसंचार सेवाओं, सोशल मीडिया, ई-कॉमर्स तथा अन्य ऑनलाइन सेवाओं के आधिकारिक लिंक उपलब्ध कराए गए हैं।
साइबर पोर्टल हब में महिला और बच्चों से संबंधित साइबर अपराधों की शिकायत के लिए एनसीआरपी तक सीधे पहुंच उपलब्ध है। संवेदनशील मामलों में शिकायतकर्ता ‘रिपोर्ट एनॉनिमसली’ और ‘रिपोर्ट एंड ट्रैक’ जैसे विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं। इसके माध्यम से कुछ मामलों में पहचान सार्वजनिक किए बिना भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
बच्चों से संबंधित अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री, नग्न अथवा आंशिक रूप से नग्न फोटो-वीडियो के ऑनलाइन प्रसार की आशंका या घटना की स्थिति में भी पोर्टल के माध्यम से उचित सहायता सेवाओं तक पहुंच बनाई जा सकती है। बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ी ऐसी सामग्री के लिए ‘टेक इट डाउन’ जैसी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। वहीं, वयस्क महिलाओं की सहमति के बिना उनकी निजी तस्वीरों या वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए StopNCII.org जैसी सेवा का विकल्प भी दिया गया है।
एसटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर सूचना दें। साइबर पोर्टल हब के माध्यम से राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज की जा सकती है।
पोर्टल पर भारतीय रिजर्व बैंक की शिकायत सेवाओं, उपभोक्ता शिकायत, डिजिटल भुगतान और यूपीआई से संबंधित आधिकारिक लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा नागरिक अपने सक्रिय यूपीआई ऑटोपे और आवर्ती भुगतान आदेशों की जानकारी लेकर अनावश्यक मैंडेट को प्रबंधित या बंद करने की प्रक्रिया भी समझ सकते हैं।
सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने, फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने, किसी की पहचान का दुरुपयोग करने अथवा अकाउंट रिकवरी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के आधिकारिक रिपोर्टिंग और शिकायत निवारण माध्यमों के लिंक भी पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही एपीके विश्लेषण, पीडीएफ टूल्स और डिजिटल जांच से संबंधित उपयोगी संसाधनों को भी एक ही मंच पर जोड़ा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सही जानकारी और समय पर सही मंच पर शिकायत करना बेहद जरूरी है। आम नागरिकों, विशेषकर कम डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को अक्सर यह पता नहीं होता कि साइबर अपराध की शिकायत कहां और किस माध्यम से की जाए। साइबर पोर्टल हब का उद्देश्य नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइटों पर भटकने से बचाकर आवश्यक आधिकारिक सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि यह पोर्टल नागरिकों के लिए एक सरल डिजिटल संदर्भ केंद्र के रूप में काम करेगा, ताकि साइबर अपराध का शिकार होने के बाद उन्हें शिकायत का उचित माध्यम तलाशने में परेशानी न हो।




