
देहरादून। आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू सेवाओं में गुणवत्ता और मानकीकरण की दिशा में एसडीआरएफ उत्तराखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट ने ISO 9001 सर्टिफिकेशन की निर्धारित प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इसके साथ ही एसडीआरएफ उत्तराखंड इस क्षेत्र में आईएसओ प्रमाणन प्राप्त करने वाली देश की पहली एजेंसी बनने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में आपदा प्रबंधन सेवाओं को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ ने अपनी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और रेस्क्यू प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार किया है।
आईएसओ सर्टिफिकेशन के तहत 14 जुलाई 2026 को जौलीग्रांट मुख्यालय में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा प्रथम ऑडिट किया गया था। पूर्व वैज्ञानिक ‘जी’ एवं उप महानिदेशक बीआईएस विष्णु गुप्ता ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी की मौजूदगी में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का विस्तृत निरीक्षण किया। ऑडिट के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का मूल्यांकन किया गया। सभी मानकों पर खरा उतरते हुए एसडीआरएफ ने यह प्रक्रिया पूरी की है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से एसडीआरएफ आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और मानकीकृत प्रक्रियाओं को लगातार मजबूत कर रहा है। आईएसओ प्रमाणन से कार्यप्रणाली के मानकीकरण, बेहतर दस्तावेजीकरण, जवाबदेही और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आपदा के समय राहत और बचाव कार्य और अधिक त्वरित और व्यवस्थित हो सकेंगे।




