
2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने में जुटा दल, क्षेत्रीय दलों को साथ लाने की पहल
देहरादून। रायपुर स्थित डोभाल चौक पर उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं संगठनात्मक कार्यक्रम में दल की केंद्रीय कार्यकारिणी का बड़े स्तर पर विस्तार किया गया। इस मौके पर कई नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विधिवत रूप से अपने-अपने दायित्व संभाले।
कार्यक्रम में मेजर संतोष भंडारी को दल का केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्हें महिला सशक्तिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अलावा यशपाल नेगी को वरिष्ठ केंद्रीय उपाध्यक्ष, नीरज कुमार को केंद्रीय कोषाध्यक्ष और आशुतोष पुनेठा को केंद्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई। आशुतोष पुनेठा को औद्योगिक प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है।
वहीं अंशुल भट्ट को केंद्रीय मीडिया प्रभारी तथा शुभम नौडियाल को गढ़वाल मंडल आईटी प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया। संगठन विस्तार की इस कड़ी में अंकित बढ़वाल को युवा प्रकोष्ठ का केंद्रीय अध्यक्ष, अर्जुन नेगी को गढ़वाल मंडल प्रभारी और गोविंद चंद्रेला को पौड़ी जनपद की छह विधानसभा सीटों के लिए जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दल के सदस्यता अभियान को भी गति दी गई। इस दौरान किरणी सजवाण, रश्मि जी और सविता सहित कई महिलाओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों के जुड़ने के साथ कार्यकारिणी और विभिन्न प्रकोष्ठों के विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दल पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों में जुट गई है। प्रदेशभर में संगठन विस्तार और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तृत चर्चा हुई। दल ने कहा कि क्षेत्रीय विचारधारा और सरोकारों से जुड़े लोगों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रीय दलों के लिए संवाद के रास्ते खुले रहेंगे। चुनाव से पहले क्षेत्रीय शक्तियों के बीच समन्वय और संभावित गठबंधन की संभावनाओं पर भी मंथन किया गया।
आशुतोष नेगी ने दोहराया कि दल का मुकाबला किसी क्षेत्रीय दल से नहीं है, बल्कि यूकेडी सहित सभी क्षेत्रीय दलों को एकसूत्र में पिरोने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में राष्ट्रीय दलों के सामने उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीतिक शक्तियों को संगठित करने और राज्य के जनसरोकारों को प्रभावी ढंग से राजनीतिक विमर्श में लाने पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर दल के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी और नवनियुक्त केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी सहित विभिन्न पदाधिकारी, महिला व युवा कार्यकर्ता तथा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट व सोशल मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।




