
देहरादून । भाजपा ने प्रदेशभर में बूथ स्तर पर पीएम के मन की बात सुनकर, उसे जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने ऐसे ही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी के मन की बात को धरातल पर उतारने में अग्रणी है उत्तराखंड।
मन की बात कार्यक्रम के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा डोईवाला के बूथ संख्या 135 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों और देशवासियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सुनना सदैव नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है। पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन और नशा मुक्त भारत के निर्माण को लेकर प्रधानमंत्री के संदेशों को दिशा-निर्देशों मानकर, उत्तराखंड राज्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर अग्रणी कदम बढ़ा रहा है। प्रधानमंत्री ने आज जिन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर देश का मार्गदर्शन किया, उनपर राज्य पहले से ही संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहा है। वो चाहे पर्यावरण की रक्षा एवं प्रकृति का संतुलन की बात हो तो देवभूमि उत्तराखंड देश की पर्यावरण राजधानी के रूप में उभर रहा है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के माध्यम से राज्य में पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने तथा जैव-विविधता को सहेजने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सांस्कृतिक विरासत को संजोने के क्रम में केदारनाथ-बद्रीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन और स्थानीय लोक संस्कृति व जैव-विविधता के संरक्षण के माध्यम से राज्य की समृद्ध विरासत को नई पहचान मिल रही है। नशे के खिलाफ जनजागरण व ‘नशा मुक्त भारत अभियान को शीर्ष प्राथमिकता से लेते हुए, राज्य सरकार ने वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को पूरी तरह ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ बनाने का लक्ष्य रखा है। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत प्रदेश भर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और नशा विरोधी कड़े कानून लागू किए गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पीएम के इन संदेशों को घर-घर तक पहुंचाएं और एक स्वच्छ, हरित तथा नशा-मुक्त उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ स्वराज विद्वान जी, ऋषिकेश जिलाध्यक्ष श्री राजेन्द्र तड़ियाल, मंडल अध्यक्ष श्रीमती रश्मि देवी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




