
देहरादून । उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों की सुविधा के लिए रायपुर रोड स्थित दुल्हनी के गढ़वाल भ्रातृ मंडल के मां दुर्गा मंदिर में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी 5.0) शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई, ताकि उन्हें जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार बैंक जाने की परेशानी से राहत मिल सके। आयोजन में भारतीय स्टेट बैंक के उप-प्रबंधक उमेश चंद्र जोशी ने सहयोग प्रदान किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि भारत सरकार की डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र सुविधा के जरिए पेंशनर मोबाइल ऐप की सहायता से घर बैठे अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन बुजुर्गों के लिए उपयोगी है, जिन्हें अधिक उम्र, स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों या चलने-फिरने में कठिनाई के कारण बैंक पहुंचने में दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन नवंबर में सीजीएचएस डिस्पेंसरियों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का प्रयास करेगी, जिससे अधिक से अधिक पेंशनरों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जा सके।
एसोसिएशन के महासचिव आरडी सेमवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाया जा सकता है। शिविर में शामिल सुपर सीनियर पेंशनरों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक तिलक राज शर्मा, उपाध्यक्ष एचएस काला, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार उनियाल, राजेंद्र प्रसाद शास्त्री और गणेश कोठारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
एसोसिएशन ने कहा कि वह पेंशनरों के सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन का उद्देश्य है कि जानकारी के अभाव अथवा शारीरिक असमर्थता के कारण किसी भी वरिष्ठ पेंशनर को पेंशन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने में परेशानी न हो।




