
यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने राज्यपाल से प्राप्त किया सम्मान
देहरादून। वन विभाग की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह-2026 के समापन कार्यक्रम में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को लेकर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को सम्मानित किया गया। विद्युत लाइनों में प्रयुक्त डॉग कंडक्टर केबल को कवर्ड कंडक्टर केबल से बदले जाने की पहल की कार्यक्रम में सराहना की गई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। श्री ध्यानी ने राज्यपाल महोदय के हाथों यूपीसीएल की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया।
यूपीसीएल की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में डॉग कंडक्टर के स्थान पर कवर्ड कंडक्टर केबल लगाए जाने से विद्युत नेटवर्क को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिली है। इस पहल से पक्षियों और अन्य वन्यजीवों के विद्युत लाइनों के संपर्क में आने से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
वन क्षेत्रों, वन्यजीव गलियारों और प्राकृतिक आवासों के आसपास से गुजरने वाली विद्युत लाइनों पर विशेष सुरक्षा उपाय किए जाना बेहद महत्वपूर्ण है। कवर्ड कंडक्टर केबल विद्युत लाइनों को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है और पेड़ों की शाखाओं अथवा वन्यजीवों के संपर्क में आने से होने वाले हादसों की संभावना को कम करती है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि निगम का उद्देश्य प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विद्युत नेटवर्क को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए मानव जीवन और वन्यजीवों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वन क्षेत्रों तथा वन्यजीवों के आवागमन वाले स्थानों पर विद्युत लाइनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। आवश्यकता के अनुसार कवर्ड कंडक्टर केबल और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
वन्यजीव सप्ताह-2026 के दौरान यूपीसीएल को मिला यह सम्मान मानव जीवन और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यूपीसीएल की यह पहल सुरक्षित विद्युत नेटवर्क और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.




