
एसएसपी के निर्देश पर रायपुर और बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज
देहरादून। राजधानी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने रायपुर और बसंत विहार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अपने प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, रायपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 14 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर की शाम रायपुर थाना पुलिस ने मालदेवता क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंट की चेकिंग की। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से शराब पिलाए जाने पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक डबराल (26), निवासी रेस्टोरेंट इट्स फोर यू, मालदेवता और खेम सिंह (35), निवासी मारुति बिहार, रायपुर के रूप में हुई है। खेम सिंह के प्रतिष्ठान का नाम रावत रेस्टोरेंट एवं फास्ट फूड बताया गया है।
इसी अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 14 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की।

बल्लीवाला में दुकान पर कार्रवाई
उधर, बसंत विहार थाना क्षेत्र में गठित पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर को बल्लीवाला में आकस्मिक चेकिंग के दौरान एक दुकान में अवैध रूप से शराब पिलाए जाने पर विनोद कुमार (39), निवासी शास्त्रीनगर खाला, बसंत विहार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार में मुकदमा संख्या 219/26, धारा 60/68 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
दून पुलिस के अनुसार, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।





