
भैयादूज पर विधि-विधान के साथ संपन्न होगी कपाट बंद करने की प्रक्रिया, रामपुर से गुप्तकाशी होते हुए शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचेगी बाबा केदार की उत्सव डोली
रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर को भैयादूज के पावन अवसर पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पंचांग की गणना के बाद ओंकारेश्वर मंदिर में कपाट बंद करने की तिथि घोषित की गई। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
परंपरा के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की डोली विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरेगी। 11 नवंबर को धाम से प्रस्थान करने के बाद डोली गौरीकुंड, सोनप्रयाग और सीतापुर क्षेत्र से होते हुए रामपुर पहुंचेगी। यहां पहली रात्रि विश्राम के दौरान श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
इसके बाद 12 नवंबर को डोली रामपुर से रवाना होकर शेरसी, बड़ासू, फाटा, मैखण्डा और नाला सहित विभिन्न पड़ावों से गुजरेगी। रास्ते में भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद देने के बाद डोली गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
13 नवंबर को पंचमुखी उत्सव डोली गुप्तकाशी से प्रस्थान कर ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यही मंदिर भगवान केदारनाथ का शीतकालीन गद्दीस्थल है। सर्दियों के दौरान केदारनाथ धाम के कपाट बंद रहने पर यहां श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
कपाट बंद होने और उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने की तैयारियों के मद्देनजर मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी, पुजारी और अन्य संबंधित लोग भी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। इस परंपरागत धार्मिक आयोजन के साथ ही केदारनाथ धाम की नियमित यात्रा का समापन होगा और शीतकाल में बाबा केदार की पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी।




