
देहरादून। एसएससी की मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का एक और आरोपित उत्तराखंड एसटीएफ के शिकंजे में आ गया है। एसटीएफ ने दिल्ली से आरोपित अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था और आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र के कंप्यूटरों का रिमोट एक्सेस नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराया था। इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोहों के विरुद्ध विशेष कार्ययोजना बनाकर टीमों का गठन किया गया है। एसटीएफ की टीमें राज्य स्तरीय परीक्षाओं के साथ-साथ केंद्र सरकार द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग करने वाले गिरोहों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
एसटीएफ के अनुसार, एसएससी द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने के मामले में 14 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर, देहरादून में मुकदमा संख्या 58/2026 सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 सहित संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना एसटीएफ/एएनटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली कर रहे हैं।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर एसटीएफ टीम ने वांछित आरोपित अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपित परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त था। उसका काम अभ्यर्थियों के आईडी कार्ड की जांच करना और परीक्षा केंद्र में नकल जैसी अवांछनीय गतिविधियों पर नजर रखना था, लेकिन वह इसके उलट गिरोह को सहयोग देता रहा।
आरोप है कि अंकित कुमार ने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों का रिमोटली एक्सेस करने के लिए आईपी विवरण नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजे थे। इससे गिरोह दूर से परीक्षार्थियों को उत्तर उपलब्ध कराने में सक्षम हो सकता था। गिरफ्तारी के समय आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसटीएफ ने बताया कि यह आरोपित नवंबर 2025 में एसएससी द्वारा आयोजित टियर-1 मल्टीटास्किंग स्टाफ एवं क्लर्किकल स्टाफ परीक्षा में नकल के मामले में कोतवाली देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 398/2025 में भी वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में प्रकरण से जुड़ी कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान अंकित कुमार पुत्र अनिल पासवान के रूप में हुई है। 22 वर्षीय आरोपित मुगलसराय, जनपद चंदौली, उत्तर प्रदेश का निवासी है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम द्वारा अंजाम दी गई, जिसमें उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल प्रमोद, कांस्टेबल प्रदीप तथा कांस्टेबल रवि पंत शामिल रहे। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि नकल गिरोह से जुड़े शेष संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




