
08 से 10 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर होगा मतदाता सत्यापन
उत्तरकाशी । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन एवं आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि 08 से 10 अक्टूबर तक जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का बूथ स्तर पर गहन परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची का बारीकी से अवलोकन करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराया जा सकता है। वहीं मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के नामों के संबंध में नियमानुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक बीएलओ एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस दौरान हाल में मतदाता सूची में जोड़े गए नामों का भी सत्यापन किया जाएगा। साथ ही पात्र व्यक्तियों के नाम सूची में छूटे पाए जाने पर आवश्यक प्रपत्र भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से मतदाता सूची का सत्यापन निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, कांग्रेस से दिनेश गौड़, बीएसपी से रमेश राज, राजीव नौटियाल, हरीश डंगवाल, मनोज सिंह, जयचंद रावत, महावीर नेगी, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




