
मसूरी। उत्तराखंड की हसीन वादियां बॉलीवुड निर्माता-निर्देशकों को खूब भाने लगी हैं। पर्यटन नगरी मसूरी में इन दिनों बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग के लिए पहुंचे हैं। फिल्म की शूटिंग माल रोड स्थित लाइब्रेरी बाजार के पास बने होटल सवाय के प्रांगण में शुरू हो चुकी है, जहां अक्षय कुमार पर कई अहम दृश्य फिल्माए गए।
जानकारी के अनुसार, फिल्म की शूटिंग एक दिन पूर्व निर्धारित थी, लेकिन अक्षय कुमार की तबीयत खराब होने के कारण शूटिंग टल गई थी। उन्हें उस समय देहरादून में ही रुकना पड़ा। इस बीच लाइब्रेरी बाजार में शूटिंग के लिए सैट लगा दिया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया।
तीन दिन चलेगी शूटिंग
अक्षय कुमार फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग के लिए मसूरी पहुंचे हैं। लाइब्रेरी स्थित होटल सवाय में उन पर कई दृश्य फिल्माए गए हैं। बताया जा रहा है कि मसूरी में फिल्म की शूटिंग तीन दिनों तक चलेगी, जिसके लिए शहर के विभिन्न सुंदर लोकेशन चुने गए हैं।
बताया जाता है कि ‘समुक’ एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह कर रहे हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। फिल्म की ब्रिटेन में शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे अगले वर्ष 2027 में रिलीज किए जाने की योजना है।


दूसरी बार मसूरी पहुंचे अक्षय
अक्षय कुमार शूटिंग के लिए यह दूसरी बार मसूरी आए हैं। इससे पहले वे तमिल फिल्म ‘सत्यासन’ के हिंदी रीमेक की शूटिंग के लिए यहां आए थे। मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ी लोकेशन को कैमरे में कैद करने के लिए फिल्म यूनिट ने शहर के प्रमुख स्थानों को चुना है।
फिल्म इकाई के मसूरी आगमन से शहर में पर्यटन और बॉलीवुड शूटिंग को लेकर उत्साह बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भीड़ शूटिंग स्थल के पास देखी गई, हालांकि सुरक्षा और शूटिंग की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए आम लोगों को सीमित दूरी पर ही रखा गया।




