
देहरादून । श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) देहरादून और आयुष मंत्रालय के केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद (सीसीआरएच) के बीच अनुसंधान सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के आशीर्वाद से हुआ यह एमओयू दीर्घकालिक अकादमिक और शोध सहयोग की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है। कुलपति डॉ. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने विश्वविद्यालय टीम को बधाई दी।

नई दिल्ली स्थित सीसीआरएच मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एमओयू साइन किया गया। इसके तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाओं, वैज्ञानिक व अकादमिक गतिविधियों, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और ज्ञान के आदान-प्रदान पर मिलकर काम करेंगे।
इस अवसर पर सीसीआरएच की ओर से महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक, डॉ. के.सी. मुरलीधरन, वैज्ञानिक-डी डॉ. रेनू मित्तल और एसजीआरआरयू की ओर से कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, प्रो. डॉ. द्वारिका पी. मैठाणी, एसबीएएस के डीन डॉ. पंकज चमोली और स्कूल रिसर्च कोऑर्डिनेटर डॉ. सुभाष चंद्र मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस समझौते से शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थान के साथ शोध का अवसर मिलेगा और नवाचार व कौशल विकास को मजबूती मिलेगी।




