
71 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, पुलिस एक्ट के तहत सभी के चालान कर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
देहरादून। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए दून पुलिस ने रायपुर थाना क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। नियमों का पालन नहीं करने पर 22 भवन स्वामियों के चालान कर 2 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 71 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया और पुलिस एक्ट के तहत उनके चालान कर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर रायपुर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रक्षा विहार, विद्या विहार, शांति विहार और चूना भट्टा क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस ने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे, मामलों में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे आरोपियों का भी सत्यापन किया। पुलिस के अनुसार, आपराधिक गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने पर कार्रवाई
अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 22 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई की गई। इन पर कुल 2.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 71 व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई और उनका सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान करते हुए कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
दून पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों तथा किरायेदारों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।





