
देहरादून। भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज ने पहली बार बतौर प्रभारी शिरकत की। कार्यकर्ताओं ने तीनों नेताओं का भव्य स्वागत किया।
बैठक में राम माधव ने कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनावों के लिए बड़ा लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल संगठन को मजबूत करने में लगे हैं, अब राजनैतिक कार्यकर्ता बनकर काम करना है। केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में पुष्कर धामी सरकार ने अभूतपूर्व विकास किया है, अब उसका संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि हमें एब्सोल्यूट मेजोरिटी नहीं बल्कि हाईएस्ट मेजोरिटी यानी 60 पार की राजनीतिक दृष्टि से काम करना है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सरकार के विकास कार्यों को जनता तक ले जाना है, साथ ही विपक्ष की नकारात्मक मंशा को भी उजागर करना है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में हम लगातार तीन बार जीते हैं, उत्तराखंड को ऐसा आठवां राज्य बनना है। इसके लिए पहली बार चुनाव लड़ने और पहली बार जीतने की मानसिकता से मैदान में उतरना होगा।

सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धर्म, क्षेत्र, जाति, भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र में बांटने का षड्यंत्र रच रहे हैं। कभी कोई कॉकरोच पार्टी बनकर लीड करने की कोशिश करता है, तो कोई आम आदमी बनकर, और तो कोई कांग्रेस का ऐसा नेता है जो अगले चार साल में सीनियर सिटीजन बनने वाला है। इनके नाम अलग हैं लेकिन आत्मा राष्ट्र विरोधी और सनातन विरोधी सोच से भरी है, जिनका पर्दाफाश करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता तीसरी बार भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए तैयार है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता है। अब संगठन ने जो किया है, उसकी राजनीतिक परीक्षा का समय आ गया है। दो तरफा संवाद मजबूत होना चाहिए, प्रदेश का निर्णय बूथ-बूथ तक पहुंचना चाहिए। शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनाव जीत के दो मूल मंत्र हैं – मेरा बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीता, चुनाव जीता। असम, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र में हमने उम्मीद से ज्यादा सफलता पाई है, वैसा ही परिणाम उत्तराखंड में लाना है, ऐसा हो कि विपक्ष को सोचना पड़े कि राजनीति करें या नहीं। 27 के चुनाव में बहुमत तय है, लेकिन हमारी मेहनत पर निर्भर है कि 36 को 63 में कैसे बदलें।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक के संगठनात्मक कार्यक्रमों – मन की बात, बूथ सशक्तिकरण, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी कार्यक्रम आदि की विस्तृत रिपोर्ट पेश की।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के संचालन में हुई बैठक में राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। मंच पर प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन के साथ प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, राम सिंह खेड़ा, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी, रेखा आर्य सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे।




