
यूपीसीएल के एमडी ने श्रीनगर में श्रीनगर एवं टिहरी मंडल की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, समयबद्ध शिकायत निस्तारण, शत-प्रतिशत राजस्व वसूली और स्मार्ट मीटर लगाने पर जोर
श्रीनगर गढ़वाल । उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और विभागीय कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। रविवार को श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित श्रीनगर एवं टिहरी मंडल की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रबंध निदेशक ने निर्देशित किया कि सभी विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बकायेदार उपभोक्ताओं से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली, शत-प्रतिशत मीटर रीडिंग के आधार पर बिल जारी करने तथा खराब मीटरों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में त्रुटियां हैं, उनका तत्काल संशोधन किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रबंध निदेशक ने सभी अभियंताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बिजली बिलों में पारदर्शिता और त्रुटियों की रोकथाम के लिए उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर प्राथमिकता से स्मार्ट मीटर लगाए जाएं, जिससे उपभोक्ता अपनी विद्युत खपत और बिल की जानकारी पर स्वयं भी नजर रख सकें।
नए विद्युत संयोजन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर देते हुए पीसी ध्यानी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी उपभोक्ता को नया कनेक्शन देने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से कनेक्शन जारी करने में विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, मयूर देव सिंह एवं प्रशांत बहुगुणा सहित टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, कोटद्वार और नैनीडांडा क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी तथा अवर अभियंता उपस्थित रहे।
इससे पूर्व रविवार सुबह 7:30 बजे प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने श्रीनगर स्थित पिटकुल के निर्माणाधीन 132 केवी जीआईएस स्विचिंग सब स्टेशन, रानीहाट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्माणाधीन विद्युत परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।




