
चारधाम यात्रा मार्गों पर ट्रॉमा सेंटरों के संचालन और प्रशिक्षण की बनेगी व्यापक योजना, सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए मिलकर काम करेंगे एम्स और राज्य सरकार
ऋषिकेश । उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान गंभीर रूप से घायल लोगों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश और राज्य सरकार मिलकर ट्रॉमा चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करेंगे। इसके लिए शनिवार को एम्स ऋषिकेश और राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को ट्रॉमा चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही राज्यभर में ट्रॉमा सेवाओं के प्रशिक्षण, संचालन और विस्तार के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
एम्स ऋषिकेश में आयोजित वर्ल्ड ट्रॉमा वीक 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में दुर्घटनाओं और आपदाओं के दौरान घायलों की जान बचाने में एम्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एम्स के साथ समन्वय स्थापित कर ट्रॉमा चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में काम करेगी।
उनियाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों का जीवन बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील होना होगा। उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से भी संवेदनशील है। ऐसे में संकट में फंसे लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और चिकित्सा पेशेवरों को ट्रॉमा चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी और देहरादून के अलावा कौडियाला, बड़कोट और उत्तरकाशी जैसे चारधाम यात्रा मार्गों पर भी ट्रॉमा सेंटर शुरू किए गए हैं। उन्होंने प्रदेश में रेडियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट और कार्डियोलॉजिस्ट जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को स्वीकार करते हुए इसे जल्द दूर करने की बात कही।

टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस से मिल रही मदद
एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि ट्रॉमा टेलीमेडिसिन और एयरो मेडिकल सेवाएं आपदा एवं दुर्घटनाओं के दौरान घायल लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं। इन तकनीक आधारित सेवाओं से गंभीर मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को दुर्घटनाओं के दौरान अपनी भूमिका निभाने और घायलों की मदद के लिए प्रेरित करेगा।
ट्रॉमा सप्ताह के आयोजन सचिव एवं ट्रॉमा सर्जन डॉ. मधुर उनियाल ने संस्थान के ट्रॉमा सेंटर की उपलब्धियों और सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी हेली एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से एम्स अब तक 354 लोगों का रेस्क्यू कर उनका उपचार कर चुका है।
डॉ. उनियाल ने राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा की क्लीनिकल ऑडिट की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि इससे एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली का आकलन करने और ट्रॉमा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
ट्रॉमा सेवाओं से जुड़े कर्मियों को किया सम्मानित
समापन समारोह के दौरान वर्ल्ड ट्रॉमा वीक के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, तकनीशियनों तथा परिवहन, पुलिस और वन विभाग के सदस्यों को प्रशस्तिपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को एम्स की पूर्व डीन प्रो. जया चतुर्वेदी, चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. आशुतोष सयाना और ट्रॉमा सप्ताह आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं ट्रॉमा सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. कमर आजम सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, सीएनओ अनीता रानी कंसल, एम्स के चिकित्सक, अधिकारी, हेली एंबुलेंस टीम के सदस्य और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

एमओयू से प्रशिक्षण और उपचार व्यवस्था को मिलेगा विस्तार
समझौता ज्ञापन पर एम्स की ओर से कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह और ट्रॉमा सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कमर आजम ने हस्ताक्षर किए, जबकि राज्य सरकार की ओर से स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने हस्ताक्षर किए।
प्रो. सयाना ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों के साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को भी शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में ट्रॉमा चिकित्सा के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना और सड़क दुर्घटनाओं तथा आपदाओं के दौरान घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना है।




