
विकासनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को तहसील परिसर विकासनगर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शुभारंभ के बाद विधायक ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से आमजन को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली और शिविर में आए लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।
शिविर के निरीक्षण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून मनोज शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रदीप राणा और उप जिला चिकित्सालय विकासनगर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रताप सिंह भी पहुंचे। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन को व्यवस्थित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

स्वास्थ्य शिविर में कुल 223 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई। एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत 178 लोगों की उच्च रक्तचाप और 128 लोगों की मधुमेह जांच की गई। इसके अलावा 18 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर, 15 की ब्रेस्ट कैंसर और 15 लोगों की ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
आरसीएच सेवाओं के अंतर्गत 4 गर्भवती महिलाओं की फॉलो-अप एएनसी जांच की गई और 4 किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण किया गया। 13 लाभार्थियों को पोषण और देखभाल संबंधी काउंसलिंग तथा 8 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर परामर्श दिया गया। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 131 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और एक निक्षय मित्र का पंजीकरण किया गया।
शिविर में 52 प्रकार की रक्त जांचें, जिसमें हीमोग्लोबिन, एलएफटी, आरएफटी और लिपिड प्रोफाइल शामिल हैं, की गईं। 51 लोगों का एक्स-रे किया गया। 5 आभा आईडी बनाई गईं, 2 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए और 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए।

विशेषज्ञ सेवाओं में नेत्र रोग विशेषज्ञ महेंद्र राय, फिजीशियन उमंग नौटियाल, ईएनटी विशेषज्ञ पल्लवी कठैत और अस्थि रोग विशेषज्ञ सौरभ गुप्ता ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। आरबीएसके, आरकेएसके टीम, एएनएम, सीएचओ, आयुष्मान और टीबी टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रताप सिंह ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।




