
अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी को लेकर मंत्री रेखा आर्य के बयान पर आप महानगर अध्यक्ष ने उठाए सवाल
देहरादून। आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदेश की धामी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड में आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री ही सुरक्षित नजर आ रहे हैं, जबकि आम महिलाओं की सुरक्षा राम भरोसे है।
संजय क्षेत्री ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि यह मामला आज भी प्रदेश में न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही का महत्वपूर्ण सवाल बना हुआ है। उन्होंने कथित वीआईपी दुष्यंत गौतम के समर्थन में मंत्री रेखा आर्य के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण में जनता की आशंकाओं और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सभी सवालों का जवाब देने की मांग की।
आप महानगर अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई करना, पीड़ितों को न्याय दिलाना और दोषियों की जवाबदेही तय करना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल बयानों से महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की जनता की भावनाओं से जुड़ा विषय है। सरकार को इस मामले से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब देना चाहिए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
संजय क्षेत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों को सुरक्षित माहौल और न्याय का भरोसा चाहिए। आम आदमी पार्टी महिला सुरक्षा और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।




