
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में प्रवासी बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में प्रवासी उत्तराखंडियों और प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। बैठक में प्रवासियों ने राज्य के विकास को लेकर कई अहम सुझाव रखे, जिन्हें सरकार नीतियों में शामिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक संपदा से भरपूर राज्य है। सरकार ने विकास को गति देने के लिए बजट बढ़ाकर एक लाख 12 हजार करोड़ रुपये किया है। पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी को विकास से जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों से रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से यात्रा समय घटा है और देहरादून से देश के 50 से अधिक शहरों के लिए हवाई सेवाएं हैं। पंतनगर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट औद्योगिक और लॉजिस्टिक विकास में अहम होगा। नीति आयोग की एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड शीर्ष पर है।
युवाओं और रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 के बाद भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई में 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। होमस्टे, कृषि, बागवानी और उद्यमों से युवा-महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ रहे हैं। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा में करीब पांच करोड़ श्रद्धालु और आदि कैलाश यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के बाद बड़ी वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने सुशासन का मॉडल पेश किया है, इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकार मजबूत हुए हैं। धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानून से देवभूमि की अस्मिता की रक्षा की जा रही है। शिक्षा में मदरसा बोर्ड की जगह उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है और मानकों पर खरे न उतरने वाले 250 से अधिक मदरसों पर कार्रवाई हुई है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल, रोपवे और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में उभर रहा है।
कार्यक्रम में प्रसून जोशी, अश्विनी लोहानी, हर्ष वी. पंत, प्रदीप जोशी, सुभाष धुलिया, धनंजय जोशी, कुलानंद जोशी, निर्मल पाठक, हरिसुमन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे। संचालन गोविंद सिंह ने किया।




