
स्नेहा भंडारी के मैस्कॉट ने जीता पहला पुरस्कार, अंकित सिंह रावत का स्लोगन भी अव्वल
देहरादून । मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से आयोजित मैस्कॉट डिजाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को बुधवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के जरिए एमडीडीए ने अपनी संस्थागत पहचान को आम लोगों और युवाओं की रचनात्मकता से जोड़ने की पहल की।
कार्यक्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सहित प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी और अन्य लोग मौजूद रहे।
मैस्कॉट डिजाइन प्रतियोगिता में स्नेहा भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 50 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र दिया गया। अनुराग रमोला को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा अंकिता बिष्ट को तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये प्रदान किए गए। वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता में अंकित सिंह रावत ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें 10 हजार रुपये और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित किया गया।
एमडीडीए ने यह प्रतियोगिता 3 से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित की थी। इसका उद्देश्य प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और भविष्य की दिशा को मैस्कॉट और स्लोगन के माध्यम से रचनात्मक रूप में सामने लाना था। प्रतियोगिता में आम लोगों, युवाओं और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सामने आई रचनात्मकता से यह स्पष्ट होता है कि लोगों में एमडीडीए को लेकर अपनी सोच और कल्पनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ जनभागीदारी और नवाचार को भी बढ़ावा देने का प्रयास करेगा।
उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। समारोह में इस बात पर भी जोर दिया गया कि किसी संस्था की पहचान केवल उसके काम और योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के साथ उसके जुड़ाव और संवाद से भी बनती है।
एमडीडीए की यह पहल अब उसके नए मैस्कॉट और स्लोगन के माध्यम से प्राधिकरण की पहचान को एक नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




