
बिना नक्शा पास कराए बन रही दुकानों और व्यावसायिक भवनों पर चला प्राधिकरण का डंडा, अधिकारियों ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून । राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना स्वीकृत मानचित्र के चल रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्राधिकरण की टीम ने सात स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में निर्माणाधीन दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य अनधिकृत संरचनाएं आईं। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा रहा।
शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान विद्यासागर मार्ग पर गैस गोदाम के निकट संजीव फरासी के अवैध निर्माण को सील किया गया। सुंदरवाला स्थित विज्ञान विहार कॉलोनी के खलंगा क्षेत्र में छमी की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों पर भी प्राधिकरण ने ताला जड़ दिया। रायपुर रोड पर शाह जनरल स्टोर के समीप ऋषभ भंडारी द्वारा निर्मित अवैध व्यावसायिक दुकानों को सील किया गया। इसी क्षेत्र के खलंगा में अभय प्रताप सिंह के निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान को आगे बढ़ाते हुए एमडीडीए की टीम ने देहराखास स्थित दून मेडिकल रोड पर अजय शर्मा और सौरभ जैन के निर्माण को सील किया। अस्थल रोड पर एचआईटी कॉलेज के सामने थेवा माल देवता रोड क्षेत्र में कपिल और पुलकित द्वारा किए जा रहे अनधिकृत निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं, सहस्रधारा रोड पर विक्रम के निर्माण को भी सील कर दिया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर में अनियोजित निर्माण भविष्य में सड़क, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए गंभीर समस्या बन सकते हैं। ऐसे में भवन निर्माण के निर्धारित नियमों और मानकों का पालन कराना जरूरी है। प्राधिकरण की टीमें लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और शिकायतों के आधार पर भी अनधिकृत निर्माणों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों का सुनियोजित विकास प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों और भवन निर्माताओं से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वहीं, एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में नियमविरुद्ध निर्माण करने वालों को किसी भी सूरत में राहत नहीं दी जाएगी।




