
देहरादून में होटल-रेस्टोरेंटों से घरेलू गैस के 10 सिलेंडर पकड़े, छिद्दरवाला में अवैध रिफिलिंग के कारोबार का भंडाफोड़; आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून । घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के अनधिकृत इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग ने जनपद में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 104 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध रिफिलिंग के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पूर्ति विभाग की प्रवर्तन टीमों ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों के नेतृत्व में जनपद के अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण किया। देहरादून नगर क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंटों की जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। इस पर कार्रवाई करते हुए 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
वहीं, छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार संचालित होने की जानकारी मिलने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई की। मौके से 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए। मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध रायवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और उनके उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू गैस का इस्तेमाल केवल निर्धारित घरेलू प्रयोजनों के लिए ही किया जा सकता है। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग, अवैध रिफिलिंग और गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में नियमित रूप से औचक निरीक्षण और जांच अभियान जारी रखा जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध गैस कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसके एआरओ, रजत नेगी और पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल शामिल रहे।





