
पौड़ी गढ़वाल। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा जोश टीम के शुभारंभ के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में विकास भवन सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने उपचाराधीन क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित करने के साथ ही हरी झंडी दिखाकर जनपद एवं विकासखंड स्तर पर गठित जोश टीमों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, माय भारत वॉलंटियर्स एवं अन्य प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
“शुरुआत अपने घर और आसपास के क्षेत्र से”
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी जनपद को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और इसकी शुरुआत हमें अपने घर और आसपास के क्षेत्र से करनी होगी। उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
विधायक ने जानकारी दी कि यह अभियान देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसमें पौड़ी जनपद भी शामिल है।

जनभागीदारी ही अभियान की रीढ़: डॉ. मेघना असवाल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समय पर जांच, नियमित उपचार और जन-जागरूकता आवश्यक है। अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं स्वयंसेवकों को भी जोड़ा गया है, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में विकासखंडवार 15 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जिनके अंतर्गत प्रत्येक के 5 एनसीसी कैडेट तथा 5 माय भारत वॉलंटियर्स को जोड़ा गया है। अभियान के प्रभावी संचालन एवं अनुश्रवण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया गया है।
लक्षणों को न करें नजरअंदाज: डॉ. श्वेता नवानी
इस अवसर पर डॉ. श्वेता नवानी ने टीबी के लक्षणों, जांच एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना आदि लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए।
8 रोगियों को पोषण किट
कार्यक्रम में विधायक के हाथों 8 उपचाराधीन क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गईं, साथ ही टीबी उन्मूलन से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी बांटी गई। कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र सिंह (असिस्टेंट प्रोफेसर, मेडिकल कॉलेज श्रीनगर), डॉ. अलीशा, चीफ फार्मासिस्ट जेपी टम्टा, नेहरू युवा केंद्र के माय भारत वॉलंटियर्स तथा उपचाराधीन क्षय रोगी उपस्थित रहे।




