
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने कहा कि संस्कृत को नई तकनीक, शोध और नवाचार से जोड़ने की जरूरत है। हरिद्वार में आयोजित समारोह में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि छात्र-छात्राओं को उपाधियां और मेडल प्रदान किए। इस दौरान लोक गायिका पद्मश्री माधुरी बड़थ्वाल, अनुसूया प्रसाद पंत, राम कुमार शर्मा और लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के पूर्व कुलपति रमेश कुमार पाण्डेय को मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा पूर्ण होने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, भारत की ज्ञान-चेतना और चिंतन परंपरा की वाहक है। वेद, उपनिषद, दर्शन, व्याकरण, आयुर्वेद और योग जैसी समृद्ध परंपरा संस्कृत में सुरक्षित है। यह केवल शब्द नहीं, जीवन को देखने की दृष्टि और कर्तव्यबोध देती है।

उन्होंने कहा कि संस्कृत को अतीत की धरोहर के रूप में संरक्षित रखना पर्याप्त नहीं है, इसे भविष्य से जोड़ना होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, भाषा विज्ञान और मशीन लर्निंग जैसे क्षेत्रों में संस्कृत की वैज्ञानिक संरचना के आधार पर व्यापक शोध की संभावना है। इसे पुस्तकालयों की अलमारियों से निकालकर डिजिटल संसार और शोध प्रयोगशालाओं तक ले जाना होगा।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से पांच संकल्प लेने का आह्वान किया – ज्ञान को निरंतर बढ़ाना, संस्कारों को जीवन में उतारना, समाज सेवा, नवाचार अपनाना और राष्ट्र को सर्वोपरि रखना। उन्होंने बताया कि संस्कृत के विद्यार्थियों के लिए अध्यापन के साथ अनुवाद, शोध, प्रकाशन, डिजिटल मीडिया और भाषा तकनीक में रोजगार के अवसर हैं।

इस दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के प्रकाशनों का विमोचन किया और लगभग दस हजार दुर्लभ पुस्तकों का दान करने के लिए पद्मश्री अभिराज राजेन्द्र मिश्र का आभार जताया। इन ग्रंथों को अभिराज-पुस्तक-वीथी के रूप में संरक्षित किया जाएगा। समारोह की विशेष बात रही कि राज्यपाल ने अपना संबोधन संस्कृत में दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय गुवाहाटी के कुलपति राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी, सचिव दीपक कुमार, कुलपति रमाकांत पाण्डेय सहित अन्य मौजूद रहे।




