
आईआईटी रुड़की के साथ डिफेंस कोऑर्डिनेशन सेल स्थापित करने को हुआ एमओयू, इन-हाउस सूचना संसाधन ‘नेत्र’ का हुआ शुभारंभ, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिले सम्मान
देहरादून। रक्षा मंत्रालय के शत-प्रतिशत स्वामित्व वाली रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) ने अपने देहरादून स्थित मुख्यालय सहित देशभर की सभी इकाइयों में ‘आईओएल दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर संगठन ने अपने गठन के पांच वर्ष पूरे होने और ऑप्टिक्स क्षेत्र में 83 वर्षों की विरासत को रेखांकित किया।
गौरतलब है कि तत्कालीन आयुध निर्माणी बोर्ड (ओएफबी) के निगमीकरण के बाद 1 अक्टूबर 2021 को इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड का गठन हुआ था। स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में संगठन की तकनीकी प्रगति, नवाचार और स्वदेशी रक्षा विनिर्माण में योगदान को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यालय और सभी अधीनस्थ इकाइयों में औपचारिक ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद कर्मचारियों को आईओएल प्रतिज्ञा दिलाई गई। इसके माध्यम से संगठन ने उत्कृष्टता, नवाचार, सत्यनिष्ठा, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर आईओएल की निदेशक (मानव संसाधन) एवं अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) शर्मिष्ठा कौल शर्मा ने संगठन की पांच वर्षों की उपलब्धियों और भावी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन की प्रगति में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और हितधारकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में आईओएल के महत्वपूर्ण पड़ावों और रक्षा क्षेत्र में योगदान पर आधारित एक लघु वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई गई।

समारोह के दौरान इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड और आईआईटी रुड़की के बीच डिफेंस कोऑर्डिनेशन सेल की स्थापना के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इसके तहत अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही आईओएल के इन-हाउस सूचना संसाधन ‘नेत्र’ (NETRA) का औपचारिक परिचय भी कराया गया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को ‘आईओएल उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार ‘आईओएल के उत्कृष्ट कर्मयोगी’ तथा ‘आईओएल के युवा नवाचारशील मस्तिष्क’ श्रेणियों में प्रदान किए गए। इसके अलावा आधिकारिक कामकाज में हिंदी के प्रभावी प्रयोग और राजभाषा के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मियों को राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अपने गठन के पांच वर्ष पूरे होने पर इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड ने आत्मनिर्भर एवं तकनीकी रूप से उन्नत भारतीय रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण तथा भारतीय सशस्त्र बलों के लिए ‘सोल्जर्स आई’ बनने के अपने संकल्प को फिर दोहराया।




