
मतदाता सूची में हटाए गए नामों की समीक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
देहरादून । मतदाता अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के घटक दलों एवं सिविल सोसाइटी संगठनों ने बुधवार को देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ’ संयुक्त मार्च निकाला। गठबंधन के नेताओं ने 8 अक्टूबर को लोकतंत्र के इतिहास का ‘काला दिवस’ बताते हुए मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर चुनाव आयोग से जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की।
महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन, राजपुर रोड से जुलूस के रूप में गांधी पार्क पहुंचे। यहां इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि भी मार्च में शामिल हुए। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए घंटाघर पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। बाद में मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम मतदाता के वोट के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर महानगर देहरादून में इंडिया गठबंधन के घटक दल एकजुट होकर जनता के बीच अपनी आवाज उठा रहे हैं।

डॉ. गोगी ने कहा कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटता है तो उसकी पारदर्शी समीक्षा और उचित समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गठबंधन द्वारा तय किए जाने वाले कार्यक्रमों को मजबूती से जनता के बीच ले जाया जाएगा।
कामरेड इंद्रेश मैखुरी ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा करने और पात्र मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने की मांग की। कामरेड समर भंडारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर गठबंधन द्वारा उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया। वहीं सीटू के कामरेड लेखराज ने चुनाव आयोग की जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. एसएन सचान ने कहा कि मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था ECI-NET को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट एवं सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।
सभा को कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल, इंसानियत मंच के संयोजक डॉ. रवि चोपड़ा, सीपीआई(एम) के जिला सचिव शिव प्रसाद देवली सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस प्रवक्ता एवं इंडिया गठबंधन के संयोजक शीशपाल सिंह बिष्ट ने मार्च में शामिल राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताया।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी , प्रदेश महासचिव राकेश नेगी, अरुण शर्मा, अनुराग मित्तल, संजय भारती, प्रमोद गुप्ता, अर्जुन पासी, मोहन कला, सुलेमान अली, ललित बद्री, सुनील जायसवाल, वीरेंद्र पंवार, सैयद जमाल, गुलशन कुमार, हिमांशु कटारिया, अनूप सक्सेना, अभिषेक पासी, अनुराग गुप्ता, अल्ताफ अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।




