
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड जखोली के राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, पंजीकरण तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कृषि, पशुपालन, सैनिक कल्याण, पर्यटन विकास, डेयरी विकास, समाज कल्याण, जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया तथा मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सेवाएं उपलब्ध कराईं।

इस अवसर पर युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 15 शिकायतें एवं समस्याएं उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरिता देवी, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया,खंड विकास अधिकारी जखोली विलेश्वर पंत, जिला पंचायती राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बालम सिंह, सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनमानस उपस्थित रहे ।





