
श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने पुराने बैच के उन छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है, जिनकी पढ़ाई किसी एक विषय या अनिवार्य क्वालीफाइंग पेपर में अर्हता पूरी न कर पाने के कारण अधूरी रह गई थी। विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की 25वीं बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर ऐसे विद्यार्थियों को अपनी उपाधि पूरी करने के लिए विशेष और अंतिम अवसर दिया गया है।
विश्वविद्यालय के निर्णय के अनुसार, सीबीसीएस (CBCS) प्रणाली के तहत सत्र 2015-16 से 2021-22 के बीच स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकित रहे वे विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे, जिनकी डिग्री किसी एक सेमेस्टर के केवल एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण होने अथवा परीक्षा से वंचित रह जाने के कारण पूरी नहीं हो पाई है। इसमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों प्रकार के प्रश्नपत्र शामिल हैं।
ऐसे विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विशेष परीक्षा के लिए ₹5,000 शुल्क तय किया गया है। परीक्षा का आयोजन श्रीनगर स्थित बिड़ला परिसर को केंद्र बनाकर किया जाएगा। विषम सेमेस्टर से संबंधित परीक्षा दिसंबर 2026 की परीक्षाओं के साथ तथा सम सेमेस्टर की परीक्षा मई 2027 में होने वाली मुख्य परीक्षाओं के साथ कराई जाएगी।
इसके अलावा विश्वविद्यालय ने Qualifying Paper के रूप में निर्धारित Environment Science तथा Elementary Book-Keeping and Accountancy में अर्हता हासिल न कर पाने वाले विद्यार्थियों को भी एक अंतिम अवसर देने का निर्णय लिया है। इन विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 रखी गई है। इनकी परीक्षा भी बिड़ला परिसर, श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित की जाएगी तथा परीक्षा शुल्क ₹5,000 निर्धारित है।
क्वालीफाइंग पेपर के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से परीक्षा फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क विश्वविद्यालय के कैश काउंटर, ऑनलाइन माध्यम अथवा बैंक ड्राफ्ट से जमा किया जा सकता है। बैंक ड्राफ्ट वित्त अधिकारी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल के नाम देय होगा। भरे हुए आवेदन पत्र को संबंधित महाविद्यालय या संस्थान के प्राचार्य से अग्रसारित कराने के बाद 20 अक्टूबर 2026 तक परीक्षा अनुभाग में जमा करना होगा, जिसके बाद प्रवेश पत्र प्राप्त किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि विशेष अवसर का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को शपथपत्र देना होगा। इसमें उन्हें यह घोषित करना होगा कि भविष्य में इसी प्रकार की छूट अथवा अतिरिक्त अवसर की मांग नहीं की जाएगी। इस प्रावधान को विश्वविद्यालय द्वारा दिए जा रहे अंतिम अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
आवेदन अथवा परीक्षा फॉर्म से संबंधित तकनीकी समस्या होने पर विद्यार्थी अपने संबंधित महाविद्यालय, संस्थान या विश्वविद्यालय के परीक्षा अनुभाग से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए परीक्षा अनुभाग अधिकारी का हेल्पलाइन नंबर 9410127055 जारी किया गया है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.hnbgu.ac.in पर भी आवेदन और परीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।




