
रानीपुर थाने में तैनात सोनिया पर दूसरे पक्ष से चल रहे लेनदेन के विवाद को निपटाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, 1064 पर शिकायत के बाद सतर्कता टीम ने बिछाया जाल
हरिद्वार। दूसरे पक्ष के साथ चल रहे विवाद में समझौता कराने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगना रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआइ को भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार को एएसआइ सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।
मामला सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर पहुंची शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि लेनदेन के विवाद में उसके पक्ष में मामला निपटाने और दूसरे पक्ष से समझौता कराने के एवज में एएसआइ उससे 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं।
शिकायत की पुष्टि के बाद तैयार हुई ट्रैप टीम
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता विभाग ने पहले आरोपों की जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून ने आरोपी एएसआइ को पकड़ने के लिए ट्रैप टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और शनिवार को रिश्वत की रकम लेते समय एएसआइ को गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी है टोल फ्री नंबर
सतर्कता विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट किया है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है।




