
श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में भारतीय भाषाओं में पुस्तक लेखन के लिए शिक्षकों की क्षमता विकास पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यशाला विश्वविद्यालय और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की भारतीय भाषा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
पहले सत्र में एकेडमिक कोऑर्डिनेटर डॉ. चंदन श्रीवास्तव, स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. अलका सूरी और कोऑर्डिनेटर डॉ. आलोक सागर गौतम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विभिन्न विषयों के शिक्षाविदों और प्रतिभागियों ने समूहों में पावरपॉइंट प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में भारतीय भाषाओं में पुस्तक लेखन की संभावनाओं, आवश्यकताओं और अवसरों के साथ विषय मानचित्रण और संस्थान मानचित्रण पर चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने पुस्तक लेखन के लिए विषयों की पहचान, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और संस्थागत सहयोग की संभावनाएं भी साझा कीं।

भारतीय भाषा समिति के समन्वयकों डॉ. अलका सूरी, डॉ. आलोक सागर गौतम और डॉ. चंदन श्रीवास्तव के साथ डॉ. रचना विश्वकर्मा, डॉ. सुधांशु भूषण तथा प्रो. नारायण दत्त ने प्रस्तुतियों को सुना और प्रतिभागियों को सुझाव दिए। उन्होंने भारतीय भाषाओं में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक साहित्य तैयार करने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाई. पी. रैवानी उपस्थित रहे। डॉ. रचना विश्वकर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत डॉ. आलोक सागर गौतम ने किया। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय में आयोजित शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए भारतीय भाषाओं में शैक्षणिक पुस्तकों के लेखन और प्रकाशन को प्रोत्साहित करने में ऐसी कार्यशालाओं को महत्वपूर्ण बताया। समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए।

कार्यक्रम का संचालन दर्शनशास्त्र विभाग की प्रो. कविता भट्ट ने किया। विश्वविद्यालय के मुख्य प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। अंत में डॉ. आलोक सागर गौतम ने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय के हितधारकों तथा भारतीय भाषा समिति के समन्वयकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




