
चंद्रमणि चौक पर ग्राहकों को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, रायवाला में गांजा और अवैध शराब बरामद
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस ने हुड़दंगियों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सार्वजनिक मार्ग पर झगड़ा और हुड़दंग करने वाले तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि रायवाला क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध गांजा और देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर की रात क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के चंद्रमणि चौक के पास सड़क किनारे दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और अधिक उग्र हो गए। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुभाष, लक्की कश्यप और शैंकी पाल को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों की चंद्रमणि चौक के पास अगल-बगल में जूस की दुकानें हैं और ग्राहकों को लेकर उनके बीच पहले बहस हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई।

वहीं, रायवाला कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बृजेश और रंजीत को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एचपी पेट्रोल पंप के पास से बृजेश को 1.150 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ पकड़ा, जबकि छिद्दरवाला चेकपोस्ट से डोईवाला की ओर जाने वाले मार्ग पर रंजीत को 51 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज किया है।
पुलिस ने बताया कि गांजा बरामदगी के मामले में एनडीपीएस एक्ट तथा अवैध शराब के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





