
देहरादून। डीआईटी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल एंड हेल्थ साइंसेज (SoPHS) में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 अत्यंत उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ मनाया गया। फैकल्टी ऑफ फार्मेसी द्वारा आरोग्य क्लब के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” (Empowering Pharmacists for a Healthier Future) रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं, रोगी सुरक्षा, औषधि प्रबंधन और जन-स्वास्थ्य जागरूकता में फार्मासिस्टों की अनिवार्य भूमिका को रेखांकित करना था। साथ ही छात्रों को अपने ज्ञान, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वकर्मा सेमिनार हॉल में पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद सरस्वती वंदना और डीआईटी कुलगीत प्रस्तुत किया गया। कुशल मंच संचालन छात्रा खुशी मधेसिया ने किया।
स्कूल के डीन प्रो. जी. टी. कुलकर्णी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा देने वाले नहीं, बल्कि विश्वसनीय स्वास्थ्य पेशेवर हैं जो दवाओं के सुरक्षित, प्रभावी और तर्कसंगत उपयोग को सुनिश्चित करते हैं। मुख्य प्रॉक्टर प्रो. नवीन सिंघल ने छात्रों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यावसायिक उत्कृष्टता अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि व्याख्यान बायोलॉजिकल ई. लिमिटेड के सहायक महाप्रबंधक (उत्पादन) राकेश प्रकाश श्रीवास्तव ने दिया। उन्होंने फार्मास्यूटिकल उद्योग की वर्तमान अपेक्षाओं, उत्पादन, गुणवत्ता आश्वासन और रोगी देखभाल में फार्मासिस्टों की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देने में फार्मासिस्ट की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
फैकल्टी ऑफ फार्मेसी के विभागाध्यक्ष प्रो. मनदीप अरोड़ा ने समापन टिप्पणी में आयोजन समिति और छात्रों के प्रयासों की सराहना की और छात्रों को निरंतर सीखने और नैतिकता के साथ पेशे में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दिवस के अवसर पर कई शैक्षणिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें पोस्टर प्रेजेंटेशन, स्किटून/लीफलेट मेकिंग, बेस्ट फार्मासिस्ट, हर्बेरियम मेकिंग, वाद-विवाद, फार्मा क्विज, शतरंज, नुक्कड़ नाटक, रील मेकिंग, कविता, गायन और नृत्य शामिल रहे। छात्रों ने वैज्ञानिक ज्ञान के साथ-साथ टीमवर्क और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेता –
- बेस्ट फार्मासिस्ट अवॉर्ड: मुस्कान वार्ष्णेय (बी.फार्म अंतिम वर्ष) – 2100 रुपये नकद और मोमेंटो
- पोस्टर प्रेजेंटेशन: प्रियंशी एवं युक्ति
- फार्मा क्विज: अनुष्का नयाल एवं बिजया दाम
- शतरंज: अनंत सिंह
- हर्बेरियम मेकिंग: प्रतिभा चौधरी
- वाद-विवाद: अरुण नौटियाल
- स्किटून मेकिंग: सुष्मिता
- रील मेकिंग: आदित्य कनौजिया

कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। आयोजन सचिव डॉ. राजीव शर्मा ने विश्वविद्यालय प्रशासन, अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. एस. के. गुप्ता, डॉ. समीर भार्गव, डॉ. रितु, डॉ. एंजेलीना, सुश्री सौम्या सहित बड़ी संख्या में फैकल्टी और छात्र मौजूद रहे।




