
पौड़ी गढ़वाल । जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की जानकारी ली। महिलाओं ने बुश कटर, उत्पाद संरक्षण के लिए डीहाइड्रेटर तथा ग्रेडिंग मशीन की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आय में वृद्धि की जाए।
जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली का निरीक्षण करते हुए बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और उनकी रुचियों की जानकारी ली तथा शिक्षकों को बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी और निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए गैस पर भोजन बनाने को कहा। इसके बाद घीड़ी पहुंचीं जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं जानीं।


उन्होंने प्रस्तावित शहीद पार्क के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया और ग्रामीण निर्माण विभाग को विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और सौंदर्यीकरण सहित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीणों की मांग पर कालेश्वर इंटर कॉलेज में सोलर लाइट, विद्यालय की मरम्मत, पेयजल योजना, खराब फीडर और सामुदायिक भवन से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैंकिंग सुविधा के लिए बैंक सखियों की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अठूल गांव की सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य योजनाओं की जमीनी स्थिति समझने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।




