
नई दिल्ली। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग तेज हो गई है। इस मांग के समर्थन में दिल्ली के विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से 18 अक्टूबर को इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की घोषणा की गई है।
उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
धीरेंद्र प्रताप के मुताबिक, अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं। दिल्ली में भी धरना-प्रदर्शन और कैंडल मार्च के जरिए मामले को लेकर आवाज उठाई जा रही है।
उन्होंने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने को उत्तराखंड की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय बताते हुए लोगों से 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे इंडिया गेट पहुंचने की अपील की। आयोजकों का कहना है कि मार्च के माध्यम से राष्ट्रपति से दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद से हटाने की मांग उठाई जाएगी।




