
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया। मुंबई से दिल्ली पहुंचे पार्टी नेताओं अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के भीतर से ही हिरासत में ले लिया गया।
पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने हिरासत के दौरान कहा कि वे गिरफ्तारी के लिए ही दिल्ली आए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बीच CJP ने घोषणा की कि नेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद देशभर में आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस बलपूर्वक प्रदर्शन रोकने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया और सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की जांच बढ़ा दी गई। सीमापुरी स्थित अप्सरा बॉर्डर पर चेकिंग के कारण लंबा जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ। कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी के चलते कई यात्रियों को परेशानी हुई। कुछ लोग जाम में फंसने के बाद अपने वाहन छोड़कर पैदल ही दिल्ली की ओर जाते दिखाई दिए।
इस बीच, CJP ने दावा किया कि यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया है और पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है। वहीं, खबरों के मुताबिक केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को भी दिल्ली में केरल हाउस के पास से हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम परिसर ले जाया गया।
पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की कार्रवाई से संवैधानिक आंदोलन को रोकने की कोशिश की जा रही है। CJP ने दावा किया कि भारी बैरिकेडिंग और हिरासत की कार्रवाई के बावजूद उसका अभियान जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के पुलिस से बचते हुए बंगला साहिब गुरुद्वारे में प्रवेश करने की भी खबर सामने आई। राजधानी में सुरक्षा प्रतिबंधों और पुलिस कार्रवाई के कारण प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।




