
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रहे थे कार सवार, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान
श्रीनगर। टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के समीप हुआ, जहां चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। बचाव दल ने खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी, देवप्रयाग पहुंचाया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली और कार चालक अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में घायल तीन लोगों की पहचान उत्तम सिंह (33), पुत्र मोहन सिंह, निवासी लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत और सुनीता देवी (45), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, दोनों निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कीर्तिनगर के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए थे। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




