
देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में सोमवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होकर कांग्रेस का दामन थामा।
इस मौके पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। साथ ही पार्टी के अन्य नेता गुरदीप सिंह सप्पल और यशपाल आर्य भी मौजूद थे। रामशरण नौटियाल ने करीब 12 साल बाद कांग्रेस में घर वापसी की है।
बीजेपी से इस्तीफा और वापसी
रामशरण नौटियाल ने सितंबर 2026 के अंत में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। उन्होंने पार्टी में अनुशासनहीनता और कुछ नेताओं से मतभेद का जिक्र करते हुए भाजपा छोड़ने का फैसला लिया था। 2014 में वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उस समय वे उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे।
चकराता सीट से चुनाव लड़ चुके हैं
2022 के विधानसभा चुनाव में रामशरण नौटियाल भाजपा के टिकट पर चकराता (एसटी) सीट से उम्मीदवार थे। उन्होंने 27,417 वोट हासिल किए थे, जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रीतम सिंह 36,853 वोटों के साथ विजयी हुए थे। दोनों के बीच 9,436 वोटों का अंतर रहा। जौनसार-बावर क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
2027 चुनाव से पहले सियासी हलचल
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह कदम कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि रामशरण नौटियाल विकासनगर या अन्य किसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर सकते हैं। उनका यह फैसला भाजपा के लिए झटका और कांग्रेस के लिए मजबूती का संकेत है।
रामशरण नौटियाल लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं। गायक जुबिन नौटियाल के पिता होने के कारण उनकी राजनीतिक गतिविधियां हमेशा चर्चा में रहती हैं। कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है।




