
देहरादून । कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान पर हमला बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक माफी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दीप्ति रावत ने कहा कि केवल सोशल मीडिया से पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं है। उनके अनुसार, महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की बात करने वाली पार्टी के आधिकारिक मंच से ऐसी भाषा का इस्तेमाल निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस से भविष्य में महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध भाषा का प्रयोग न करने का संकल्प लेने की भी मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि इस टिप्पणी से राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं के साथ-साथ समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण में जुटी महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दे पर आवाज उठाता रहेगा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी भी मौजूद रहीं।




