
देहरादून। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंडियों को ‘घुसपैठिया’ बताए जाने के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता कर इसे निंदनीय बताते हुए कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाए।
चमोली ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान उनकी मानसिक विकृति और उत्तराखंड विरोधी सोच को दर्शाता है। देश का कोई भी नागरिक किसी भी राज्य में रह सकता है, ऐसे में उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहना मुलायम सिंह की घृणित सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान 42 शहादतें, जेल, प्रताड़ना और मुजफ्फरनगर कांड जैसा नरसंहार उत्तराखंडियों ने झेला था। उस समय सपा सरकार को कांग्रेस की नरसिंह राव सरकार ने बचाया था, तभी नारा लगा था ‘असली दोषी कौन है जो दिल्ली में मौन है’।
उन्होंने कहा कि आज भी स्थिति वैसी ही है। एक तरफ राहुल गांधी विपिन रावत को ‘गली का गुंडा’ कहते हैं, एनएसए डोभाल का अपमान करते हैं, तो दूसरी तरफ अखिलेश उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहते हैं। घुसपैठ शब्द भाजपा ने बांग्लादेशी रोहिंग्याओं के लिए प्रयोग किया है, देश के नागरिक के लिए नहीं।
चमोली ने सवाल उठाया कि इंडिया गठबंधन में सपा के साथी राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, हरीश रावत, हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह क्या खुद को घुसपैठिया मानते हैं? क्या वे सपा का विरोध करेंगे? उन्होंने करन माहरा का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने गढ़वाल के लोगों पर थूकने की बात कही थी, इसलिए वे इस लायक नहीं हैं।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस, सपा और इंडिया गठबंधन ने हमेशा उत्तराखंड को दोयम दर्जे का माना है और उसका अपमान किया है। पार्टी इस पूरे घटनाक्रम की घोर भर्त्सना करती है।




