
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत को मतदान एवं मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित चुनाव में लगने वाली विभिन्न टीमों का डाटाबेस 15 नवंबर तक तैयार करने को कहा। उन्होंने मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, परिवहन व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण और क्रिटिकल बूथों की सूची समय से तैयार करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और सभी उप जिलाधिकारियों को 15 दिनों के भीतर उन सभी विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जहां मतदान केंद्र बनने हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान बिजली, पानी, शौचालय, रैंप जैसी मूलभूत सुविधाओं और भवन की स्थिति की रिपोर्ट दी जाए, ताकि चुनाव से पहले मरम्मत कार्य पूरे कराए जा सकें।
ईवीएम-वीवीपैट और स्वीप गतिविधियां
डीएम ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) और प्रशिक्षण के लिए मशीनों के चयन की तकनीकी तैयारियां भी समय पर पूरी करने को कहा।
वहीं मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत अभी से गतिविधियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले चुनावों में कम मतदान वाले बूथों और संभावित मतदान बहिष्कार वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां जनसंवाद और जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
सभी मतदान स्थलों पर दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैंप सहित विशेष व्यवस्थाएं, मेडिकल टीमों की तैनाती और मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी अग्रिम कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जखोली भगत सिंह फोनिया, ऊखीमठ अनिल रावत समेत सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




