
देहरादून/काशीपुर।उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने जनपद ऊधमसिंहनगर के काशीपुर में ‘एनएस एंटरप्राइज’ के नाम से संचालित एक अवैध अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर तथा डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के अनुसार, यहां सिप कनेक्शन के जरिए आईएलडी गेटवे बायपास और ऑटोमेटेड यानी रोबो कॉलिंग की जा रही थी, जिसका उपयोग साइबर धोखाधड़ी में हो सकता था। कार्रवाई में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में आईजी एसटीएफ/साइबर नीलेश आनंद भरणे तथा एसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र, रुद्रपुर की टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की। दूरसंचार विभाग की टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण में संदिग्ध सेटअप से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने काशीपुर में कार्यालय किराए पर लेकर ‘एनएस एंटरप्राइज’ नाम से फर्म की आड़ में इंटरनेट और सिप कनेक्शन प्राप्त किया था। इसके बाद कंप्यूटर सिस्टम, जियो व एयरटेल कनेक्टिविटी, सिप उपकरणों और अन्य नेटवर्किंग डिवाइसों के माध्यम से अवैध टेलीकॉम सेटअप संचालित किया जा रहा था। दूरसंचार विभाग के इनपुट में सिप कनेक्शन से आईएलडी गेटवे बायपास तथा रोबो कॉलिंग की आशंका जताई गई थी। जांच में 21 दिनों के भीतर 45,453 आउटगोइंग कॉल किए जाने का खुलासा हुआ।
मौके पर मिले कंप्यूटर सिस्टम में लिनक्स आधारित वर्चुअल मशीन, फ्रीपीबीएक्स लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर, एसएसएच क्लाइंट और व्हाट्सएप वेब से जुड़े डिजिटल साक्ष्य पाए गए। पुलिस ने सिस्टम लॉग्स, वर्चुअल मशीन से संबंधित तकनीकी डेटा, आरएएम डंप तथा व्हाट्सएप चैट सुरक्षित किए हैं। व्हाट्सएप चैट में सिप ट्रंक, सिप केबल और इंटरनेट कनेक्शन से जुड़ी बातचीत भी मिली है, जिसे विवेचना के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस प्रकरण में नईमुद्दीन पुत्र जाहिद हुसैन, निवासी मनकुआ मकसूदपुर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं, रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में एक कंप्यूटर, तीन जियो राउटर, एक एयरटेल राउटर, एक सेटू वीटीईपी उपकरण, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, नेटवर्किंग उपकरण तथा कंप्यूटर सिस्टम व वर्चुअल मशीन बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि बरामद उपकरणों और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनकी गतिविधियों का खुलासा किया जा सके।
एसटीएफ ने बताया कि पिछले एक महीने में सिम बॉक्स और अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मामलों में कुल चार आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या [https://cybercrime.gov.in](https://cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें, क्योंकि शीघ्र शिकायत से ठगी राशि रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, अपर उपनिरीक्षक सत्येंद्र गंगोला, अपर उपनिरीक्षक विनोद कुमार बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल मुहम्मद उस्मान शामिल रहे। दूरसंचार विभाग की ओर से एडीजी (सिक्योरिटी एंड टेक्नोलॉजी) राहुल नरेडी तथा जेटीओ मीनू कुमारी ने सहयोग दिया।




