
कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच दावेदारों ने दिखाई एकजुटता, 2027 के लिए मिलकर मैदान में उतरने का संकल्प
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही ‘न्याय यात्रा’ के तहत आज देहरादून की कैंट विधानसभा क्षेत्र में विशाल न्याय यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह व प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी रहे पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना समेत इस बार टिकट की अभिलाषा लिए आधे दर्जन से ज्यादा दावेदार पूरी ताकत के साथ न्याय यात्रा में शामिल हुए, जिससे यात्रा का स्वरूप विशाल जनसभा में बदल गया।
मुख्य अतिथि प्रीतम सिंह का भाजपा पर जोरदार हमला
मुख्य अतिथि प्रीतम सिंह ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर केंद्र की भाजपा सरकार वोट चोरी के जरिये देश में लोकतंत्र की हत्या का प्रयास कर रही है, वहीं प्रदेश सरकार ने राज्य का बंटाधार कर दिया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तराखंड पूरे देश के हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर देहरादून ISBT में नाबालिग से दुष्कर्म और पल्टन बाजार में युवती की निर्मम हत्या, राज्य की कानून व्यवस्था की बदहाली को उजागर करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा के कुशासन से जनता को छुटकारा दिलाने का आह्वान किया।
“टिकट किसी को भी मिले, जिताएंगे मिलकर” — धस्माना
प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कैंट के कार्यकर्ताओं को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यही एकजुटता 2027 के विधानसभा चुनावों में भी दिखानी है।
प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सूर्यकांत धस्माना ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए ऐलान किया – “पार्टी का टिकट मांगने का अधिकार सभी कार्यकर्ताओं को है, किंतु एक बार पार्टी का टिकट जिस भी साथी को मिले, उसको जिताने के लिए सभी को पूरी ताकत से जुट जाना है। हम मिलकर 2027 की जंग जीतेंगे।” श्री धस्माना की इस बात पर मंच पर विराजमान सभी टिकट दावेदारों ने तालियां बजाकर समर्थन किया।
सभा का संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने किया।
न्याय यात्रा में नवीन जोशी, लाल चंद शर्मा, रितेश क्षेत्री, संजय शर्मा, प्रदीप जोशी, सुमित खन्ना, जगदीश धीमान, अभिनव थापर, संग्राम सिंह पुंडीर, श्रीमती पिया थापा, गरिमा दसौनी, संगीता गुप्ता, कोमल वोहरा, अभिषेक तिवारी, सुमित्रा ध्यानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।




