
देहरादून। कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कृषि और उद्यान विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने 14,777 पॉलीहाउस निर्माण के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने 31 अक्टूबर तक 50 प्रतिशत कार्य पूरा करने की समय सीमा तय की है।
मंत्री ने बताया कि स्वीकृत 2,700 पॉलीहाउस में से 1,000 का निर्माण शुरू हो चुका है। लंबित धनराशि की रिकवरी तेज करने को कहा गया है। उन्होंने शीतकालीन फसलों के लिए बीज और पौध वितरण तत्काल शुरू करने और बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर क्षतिपूर्ति देने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजमा को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल करने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजने को कहा। ड्रैगन फ्रूट पर 80 प्रतिशत और कीवी पर 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। एप्पल मिशन का बजट 12 करोड़ किया गया है। कोल्ड स्टोरेज नीति के तहत भीमताल में 50 प्रतिशत और समूहों को 70 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी।
बैठक में सचिव एसएन पांडेय, महानिदेशक आनंद श्रीवास्तव और निदेशक आरके सिंह मौजूद रहे।




