
नैनीताल। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली से आ रहे पांच लोगों की कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से 12 नवंबर की मध्य रात्रि दुर्घटना की सूचना मिलने पर SDRF पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटनाग्रस्त कार (UP 25 EJ 4586) में कुल पांच लोग सवार थे और सभी बरेली, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। घटनास्थल पर पहुंची टीम ने विषम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए टीम ने चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए CHC भवाली भेजा।
हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली की मृत्यु हो गई। SDRF टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायलों में सनी (23), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली, रवि पुत्र दिनेश मौर्य, संचित पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली तथा संदीप शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली शामिल हैं।



