
नंदा राजजात यात्रा के प्रमुख पड़ाव वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, शौचालय ब्लॉक और गार्ड रूम का भी होगा निर्माण
देहरादून । उत्तराखंड में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में धामी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में चमोली जिले के प्रसिद्ध ग्राम वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1 करोड़ 36 लाख 36 हजार रुपये की लागत से आधुनिक सतही पार्किंग विकसित की जाएगी। आवास विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत करीब 2,300 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण होगा, जिसमें एक साथ 84 वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, प्रस्तावित पार्किंग का निर्माण ग्राम वाण में निर्माणाधीन हेलीपैड के समीप किया जाएगा। पार्किंग परिसर में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के साथ शौचालय ब्लॉक और सुरक्षा एवं देखरेख के लिए गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
समुद्र तल से लगभग 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ग्राम वाण धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यह विश्वप्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही मोटर मार्ग का अंतिम पड़ाव भी है। यहां स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। नंदा राजजात यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण क्षेत्र में पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है।
वाण साहसिक पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध रूपकुंड और बेदनी बुग्याल ट्रेक पर जाने वाले पर्यटकों एवं ट्रेकर्स के लिए यह प्रमुख बेस कैंप के रूप में जाना जाता है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पर्यटन गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी के चलते वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। वर्तमान में सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण पर्यटन सीजन और धार्मिक आयोजनों के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या सामने आती है।
नई पार्किंग विकसित होने से सड़क पर वाहनों के अनियंत्रित खड़े होने की समस्या में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, शौचालय ब्लॉक बनने से महिलाओं, बुजुर्गों और परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों को विशेष सुविधा मिलेगी। गार्ड रूम के माध्यम से पार्किंग परिसर की सुरक्षा और नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि ग्राम वाण की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी महत्ता को देखते हुए यहां आधुनिक सुविधाओं का विकास आवश्यक है। इस परियोजना का उद्देश्य पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय पर्यटन आधारित गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में तैयार की गई यह परियोजना प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे नंदा राजजात यात्रा, लाटू देवता मंदिर और रूपकुंड-बेदनी बुग्याल पहुंचने वाले पर्यटकों को सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



