
लालकुआं (नैनीताल)। दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि से लालकुआं ही नहीं, पूरे नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र का मान बढ़ा है।
उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के मुताबिक, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वर्ष 2025-26 के उपार्जन संबंधी आंकड़ों के आधार पर लालकुआं संघ को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चुना गया। यह प्रमाण-पत्र फैडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी और उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी हुआ है।
ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का पुरस्कार सौंपा। मंत्री ने सम्मानित करते हुए संघ की इस उपलब्धि की सराहना की।
इस सम्मान को संघ की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के सहयोग से लालकुआं दुग्ध संघ ने यह मुकाम हासिल किया है।



