
बाहरी व्यक्तियों और वाहनों की होगी सघन चेकिंग, बाजारों में जीरो जोन व्यवस्था; 13 स्थानों पर पार्किंग की सुविधा, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर लगेगा 1500 रुपये जुर्माना
देहरादून। आगामी त्योहारों और वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए दून पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सीमावर्ती चेकपोस्टों, अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय बैरियरों के साथ ही शहर के आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तेज कर दी है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों से पूछताछ के साथ उनका सत्यापन भी किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुख्य बाजारों और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। इसके अलावा होटल, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें चेकिंग कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, पलटन बाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए यातायात पुलिस ने पार्किंग और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला की ओर से आने वाले चौपहिया वाहनों के लिए काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, मल्टी स्टोरेज पार्किंग कनक चौक और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे। ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर और जोगीवाला की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्किंग निर्धारित की गई है। सहारनपुर चौक, कांवली रोड और पटेलनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय परिसर और नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग की सुविधा रहेगी।
पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग निर्धारित की गई है। इन दोनों स्थानों के साथ रेंजर्स ग्राउंड, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और मंगला देवी इंटर कॉलेज में पार्किंग दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होगी। शहर के अन्य बाजारों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र, नेहरू कॉलोनी आने वाले जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर की लिंक रोड, रिस्पना क्षेत्र आने वाले राजीव नगर और प्रेमनगर बाजार आने वाले लोग दशहरा ग्राउंड में वाहन पार्क कर सकेंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र को सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रखा जाएगा। इन क्षेत्रों में केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा। लोडिंग वाहनों का सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक पलटन बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। लोडिंग वाहनों को सुबह 10 बजे से पहले अपना कार्य पूरा करना होगा। इनके लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
सार्वजनिक परिवहन के लिए भी बदलाव किए गए हैं। राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले विक्रम वाहनों को ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस भेजा जाएगा। रायपुर रोड से आने वाले दो नंबर विक्रम वाहनों का पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट सर्वे चौक रहेगा। रिस्पना की ओर से आने वाले तीन नंबर विक्रम वाहनों के लिए दून चौक और एमकेपी चौक पर पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किया गया है। राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट ओरिएंट चौक तथा डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों का रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।
यातायात का दबाव बढ़ने पर सर्वे चौक, घंटाघर और धर्मपुर चौक सहित प्रमुख स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा। घंटाघर पर दबाव होने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात निरीक्षक, 15 यातायात उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक, 15 हेड कांस्टेबल और 60 यातायात कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 100 आरक्षी, 100 प्रशिक्षु आरक्षी और 10 मोबाइल टीमें भी व्यवस्था संभालेंगी। यातायात पुलिस ने 10 ट्रैफिक क्रेन तैनात की हैं। वहीं, 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से यातायात पर निगरानी रखी जाएगी। नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टो किया जाएगा और इसके लिए 1500 रुपये जुर्माना देना होगा।
पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, खरीदारी के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन और दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने तथा अनावश्यक रूप से निजी वाहनों से बाजारों में आने से बचने की अपील की है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अनावश्यक हॉर्न न बजाने की अपील की गई है। परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के दृष्टिगत सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 और यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7579278154 पर संपर्क कर सकते हैं।



