
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में एडवांस टीम सर्चिंग में जुटी
उत्तरकाशी।केदारताल ट्रैक पर लापता हुए ट्रैकर्स की तलाश में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के जवान दुर्गम और बेहद कठिन हालात में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। सर्चिंग के दौरान करीब 4000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के पास लापता ट्रैकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। एक बैग भी मिला है, लेकिन ट्रैकर्स का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों पर एसडीआरएफ की एडवांस टीम अभियान को आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल की ओर सर्चिंग कर रही है। मौके पर मौजूद टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन से जो जानकारी दी, उसके अनुसार इलाके में लगातार बर्फबारी हो रही है। खराब मौसम और अत्यधिक ऊंचाई के कारण तलाशी अभियान में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं।
हालात को देखते हुए टीम ने मौके पर ही सुरक्षित कैंप बना लिया है और रात वहीं बिताई जाएगी। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होते ही टीम दोबारा सर्च अभियान शुरू करेगी। एसडीआरएफ एनआईएम के जवानों के साथ तालमेल बनाकर लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।



