
नगर मजिस्ट्रेट और पुलिस की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, अग्निशमन उपकरणों की जांच के साथ दुकानदारों को दिया प्रशिक्षण
फुटपाथ से हटवाया अतिक्रमण, पीली पट्टी के भीतर ही सामान रखने की हिदायत
हरिद्वार । दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों की दुकानों एवं गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा कारोबारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों और गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाजार में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अग्निशमन यंत्र सही स्थिति में पाए गए। नगर मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल और संचालन की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा चालू और आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए तैयार रखे जाएं, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।
नगर मजिस्ट्रेट ने पटाखा कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप तथा प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद टीम ने ज्वालापुर के बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की। सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाते हुए व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही रखें। सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने से आमजन को आवागमन में परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। अधिकारियों ने बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए सभी व्यापारियों से सहयोग की अपील की।
प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों और व्यापारियों से दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, एसआई हर्ष अरोड़ा, चौकी प्रभारी विपिन कुमार एवं पुष्कर चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।



