
दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई अहम बैठक, संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और जनहित के मुद्दों पर हुआ मंथन
देहरादून । उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत तथा सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव शामिल हुए।
उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के मौजूदा सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य की समीक्षा की। इस दौरान जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रदेश के हर क्षेत्र में संगठन की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
दसौनी के अनुसार, बैठक में चुनावी रणनीति के साथ संगठन के भीतर बेहतर समन्वय और सामूहिक नेतृत्व की भूमिका पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को संगठन को अधिक प्रभावी बनाने और एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने के संबंध में सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड के राजनीतिक हालात और संगठन की तैयारियों को गंभीरता से ले रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी अपनी रणनीति को मजबूत करने के साथ जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगी।
दसौनी ने कहा कि कांग्रेस जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनहित के मुद्दों को आधार बनाकर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाएगी।



